
बलरामपुर जिले के ब्लाक वाड्राफनगर अंतर्गत माध्यमिक शाला बरती खुर्द से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जिस स्कूल परिसर में बच्चों को खेलना-कूदना चाहिए, जिस जमीन का उपयोग बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए होना चाहिए, उसी जमीन पर कथित तौर पर हेडमास्टर ने बिना पंचायत की सहमति के अरहर की खेती करवा दी।मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों के विरोध के बाद ग्राम पंचायत ने विधिवत प्रस्ताव पारित कर स्कूल परिसर में की गई अरहर की खेती पर बुलडोजर चलवा दिया।ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर बच्चों के खेलने और पढ़ाई के अनुकूल वातावरण के लिए होता है, न कि खेती करने के लिए। आखिर किसकी अनुमति से बच्चों के खेल मैदान को खेती की जमीन में तब्दील कर दिया गया? क्या स्कूल की जमीन पर व्यक्तिगत मनमानी की छूट दी जा सकती है? ग्रामीणों ने मांग की है कि बच्चों के हितों से खिलवाड़ करने वाले ऐसे शिक्षकों के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए।अब बड़ा सवाल यह है कि शिक्षा के मंदिर में बच्चों के खेल मैदान पर खेती कराने के इस मामले को जिला शिक्षा विभाग कितनी गंभीरता से लेता है? क्या संबंधित हेडमास्टर से जवाब–तलब होगा या फिर मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा? फिलहाल ग्रामीणों की नजर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है।






