ग्राम देवरी में दीपावली के अवसर पर आयोजित ‘सुरता के डोरी’ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल।धमतरी। जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि मनुष्य के जीवन में संगीत और सांस्कृतिक आयोजनों का विशेष महत्व है। दैनिक कार्यों और जिम्मेदारियों के बीच मनोरंजन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी समय निकालना आवश्यक है। ऐसे आयोजन जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने के साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकजुटता की भावना को मजबूत करते हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी परंपराओं और सामाजिक विरासत को सहेजने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सार्वा गुरुवार, 12 नवंबर को विकासखंड धमतरी के ग्राम देवरी में बजरंगबली युवा संगठन एवं समस्त ग्रामवासियों द्वारा दीपावली के पावन अवसर पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘सुरता के डोरी’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा सहित जनपद पंचायत धमतरी के उपाध्यक्ष केशव साहू ग्रामीण अध्यक्ष कमलेश साहू, ग्राम पटेल जीवनलाल साहू उपसरपंच ओमप्रकाश सिंह, सरपंच महेश चंद्राकर, पूर्व ब्रांच मैनेजर राज साहू, मायाराम साहू, बहुराम साहू एवं लेखपाल साहू का आयोजन समिति के सदस्यों एवं ग्रामवासियों द्वारा आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।स्वागत समारोह के पश्चात मुख्य अतिथि की आसंदी से अपने उद्बोधन में सार्वा ने समस्त ग्रामवासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों से लोगों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ती है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों में बढ़–चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया।इस अवसर पर सार्वा ने किसानों के हित में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए जारी नए दिशा–निर्देश किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इसके तहत पात्र किसानों को धान के बोए गए एवं सत्यापित रकबे के आधार पर 13,839 रुपये प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार गांव गरीब किसान युवा और महिलाओं के कल्याण एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। दोनों सरकारों द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं की जानकारी रखने तथा पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की अपील की।कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित ग्रामीणों का भरपूर मनोरंजन किया। बजरंगबली युवा संगठन एवं समस्त ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम दीपावली के उल्लास सामाजिक सद्भाव सांस्कृतिक परंपराओं और सामुदायिक एकजुटता का सुंदर उदाहरण बना।






