घटिया एलम-ब्लीचिंग खरीदी से जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़, उच्च स्तरीय जांच की मांग धमतरी। नगर पालिक निगम धमतरी के कांग्रेस पार्षद दल ने शहर के फ़िल्टर प्लांट का निरीक्षण कर पेयजल शोधन व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पेयजल शोधन में उपयोग किए जा रहे एलम एवं ब्लीचिंग पाउडर की खरीदी, गुणवत्ता और उपयोग को लेकर गंभीर अनियमितताओं की आशंका व्यक्त की गई।कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि पेयजल शोधन में मानकों के अनुरूप रसायनों का उपयोग नहीं किया जा रहा है। जिससे घटिया गुणवत्ता के एलम एवं ब्लीचिंग पाउडर का इस्तेमाल किया जा रहा है, इसका सीधा असर शहरवासियों के स्वास्थ्य पड़ रहा है। पार्षदों ने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में डायरिया, हैजा तथा अन्य जलजनित बीमारियों के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे समय में नगर निगम का पहला दायित्व नागरिकों को सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है। यदि पेयजल शोधन में लापरवाही बरती जाती है, तो यह आम जनता के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है।कांग्रेस पार्षद दल ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली नेताओं के संरक्षण में खरीदी प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे जनता के हितों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने एलम एवं ब्लीचिंग पाउडर की खरीदी गुणवत्ता, आपूर्ति और उपयोग की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।कांग्रेस पार्षद दल ने चेतावनी दी कि यदि इस गंभीर मामले में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो जनता के स्वास्थ्य और हितों की रक्षा के लिए व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।फ़िल्टर प्लांट निरीक्षण के दौरान नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उपनेता प्रतिपक्ष सत्येंद्र (विशु) देवांगन, पार्षद पूर्णिमा गजानन रजक, सोमेश मेंश्राम एवं भागी ध्रुव उपस्थित रहे।






