बनारस की तर्ज पर रुद्री घाट में हुई चित्रोत्पला महानदी की भव्य गंगा आरती

धमतरी। सावन माह के प्रथम सोमवार को रुद्री स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर के सामने चित्रोत्पला महानदी के रुद्रेश्वर घाट पर पहली बार बनारस की तर्ज पर भव्य महानदी गंगा आरती का आयोजन किया गया। धमतरी युवा ब्रिगेड एवं श्री रुद्रेश्वर महादेव परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे घाट को आस्था श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंग दिया। 108 दीपों से सजे विशाल आरती थाल, वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और घंटियों की गूंज के बीच जब महानदी की आरती उतारी गई तो दीपों की सुनहरी आभा से पूरा रुद्रेश्वर घाट जगमगा उठा और श्रद्धालुओं को काशी के घाटों का दिव्य एहसास हुआ।कार्यक्रम के लिए रुद्रेश्वर घाट को आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी और दीपों की कतारों से सजाया गया था। शाम ढलते ही श्रद्धालुओं का घाट पर पहुंचना शुरू हो गया और आरती के समय तक पूरा घाट श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। हर-हर महादेव और जय मां महानदी के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। धार्मिक मान्यता के अनुसार रुद्रेश्वर महादेव घाट को तपोभूमि का विशेष महत्व प्राप्त है। इसी भाव के साथ महानदी के तट पर गंगा आरती की परंपरा प्रारंभ करने का यह पहला प्रयास किया गया, जिसे श्रद्धालुओं का भरपूर समर्थन मिला।महाआरती से पूर्व विद्याकुंज स्कूल के विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम, भगवान शिव और भगवान जगन्नाथ की स्तुति में मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके बाद रुद्रेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ की विधिवत आरती संपन्न हुई। मंदिर आरती के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 108 दीपों से सजे भव्य आरती थाल के साथ चित्रोत्पला महानदी की विधिवत गंगा आरती की गई। दीपों की लौ, महानदी की शांत लहरें और श्रद्धालुओं की सामूहिक आस्था ने ऐसा अलौकिक दृश्य प्रस्तुत किया, जिसे देखने वाले देर तक मंत्रमुग्ध रहे।महानदी गंगा आरती में धमतरी विधायक ओंकार साहू, महापौर जगदीश रामू रोहरा, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी नीलम चंद्राकर, पूर्व विधायक रंजना साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने महानदी की आरती में सहभागिता कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।महाआरती के उपरांत श्रद्धालुओं पर पवित्र जल का छिड़काव किया गया तथा महाप्रसादी का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पहली बार आयोजित इस भव्य गंगा आरती ने न केवल सावन सोमवार की धार्मिक गरिमा को नई ऊंचाई दी, बल्कि चित्रोत्पला महानदी और रुद्रेश्वर महादेव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को भी नया आयाम प्रदान किया। दीपों से आलोकित घाट, महानदी की अविरल धारा और हजारों श्रद्धालुओं की सामूहिक आस्था ने इस आयोजन को धमतरी के धार्मिक इतिहास की एक अविस्मरणीय और ऐतिहासिक घटना बना दिया।
Recent Posts