धमतरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा सेवा गतिविधियों के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। धमतरी, कुरूद और मगरलोड सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित शिविरों में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने उत्साह के साथ रक्तदान किया। आयोजकों के अनुसार इन शिविरों में अब तक करीब 110 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया है। नगरी में 19 सितंबर को रक्तदान शिविर आयोजित किया जाना शेष है। युवा मोर्चा ने जिले में रक्तदान का आंकड़ा 200 यूनिट के पार पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। भाजयुमो जिला अध्यक्ष शुभांक मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण से जोड़ते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के लंबे दौर में देशसेवा को प्राथमिकता दी है। उनके जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की मदद करने का प्रयास किया गया है। शुभांक मिश्रा ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और युवाओं ने जिस उत्साह के साथ इस अभियान में भाग लिया, वह सेवा भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में इतनी बड़ी संख्या में युवाओं के रक्तदान के लिए आगे आने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन कार्यकर्ताओं और युवाओं की भागीदारी ने अभियान को मजबूती दी। उन्होंने बताया कि जिले में अलग-अलग स्थानों पर आयोजित शिविरों में अब तक करीब 110 यूनिट रक्तदान किया जा चुका है। नगरी में 19 सितंबर को होने वाले शिविर के बाद इस संख्या को 200 यूनिट के पार ले जाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से आगे आकर रक्तदान करने और जरूरतमंदों की मदद में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। भाजयुमो जिला महामंत्री ओमेश यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्थानों पर युवाओं ने रक्तदान किया और अब तक करीब 110 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ है। यह रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए उपयोगी होगा। उन्होंने बताया कि रक्तदान के लिए अलग-अलग स्थानों पर व्यवस्था की गई थी। कई कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने ब्लड बैंक, बालाजी और भटेना सहित सरकारी अस्पताल में रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों के लिए रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है और युवा मोर्चा आगे भी इस तरह की सेवा गतिविधियों में अपनी भागीदारी जारी रखेगा।







