“एक लाख ‘आशीर्वाद के दीयों’ से रोशन हुआ बालोद,सेवा संकल्प का गूंजा संदेश”

सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में सांसद भोजराज नाग की मौजूदगी में जिला स्तरीय आयोजन, जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने लिया सेवा और जनकल्याण का संकल्प

बालोद :– देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बालोद जिले में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों, शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय स्थित स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एक लाख दीयों से भारत का मानचित्र प्रदर्शित किया गया।

जिला स्तरीय आयोजन में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों,प्रशासनि कअधिकारियों-कर्मचारियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूली बच्चों, स्काउट-गाइड्स, एनसीसी कैडेट्स सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा, समर्पण और जनकल्याण के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

सांसद भोजराज नाग ने भव्य एवं सफल आयोजन के लिए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी सहित पूरे जिला प्रशासन की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आयोजन की सफलता सभी के समर्पण, सेवाभाव और कर्तव्यपरायणता का परिणाम है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के आगामी कार्यक्रमों की सफलता के लिए भी शुभकामनाएं दीं।

‘आशीर्वाद के दीयों’ से रोशन हुआ छत्तीसगढ़
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के अंतर्गत पूरे छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से सेवा, सकारात्मकता और जनभागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। बालोद जिले में भी विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने उत्साहपूर्वक दीप प्रज्वलित कर अभियान को व्यापक जनभागीदारी प्रदान की।
जनकल्याणकारी योजनाओं से बदल रहा जनजीवन


सांसद भोजराज नाग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घ सार्वजनिक सेवा यात्रा और देश के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, कोरोना काल में निःशुल्क टीकाकरण, रेलवे के आधुनिकीकरण एवं अमृत भारत स्टेशन योजना सहित केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आम नागरिकों तक पहुंची सुविधाओं और बदलावों का उल्लेख किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में पद्मश्री श्रीमती शमशाद बेगम, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पूर्व विधायक वीरेन्द्र साहू, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लुनिया, राकेश (छोटू) यादव, पवन साहू तथा अभिषेक शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, वनमण्डलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अपर कलेक्टर नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

नवचेतना फाउंडेशन कलंगपुर द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। फाउंडेशन की ओर से स्टेडियम परिसर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की थीम पर आकर्षक रंगोली भी बनाई गई, जिसने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ाया।

एक लाख दीयों से बना भारत का मानचित्र

उल्लेखनीय है कि स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में एक लाख दीयों से भारत का मानचित्र प्रदर्शित किया गया। दीपों की रोशनी से जगमगाते भारत के मानचित्र ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर जिले में शासकीय योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा सेवा भावना को जनभागीदारी के माध्यम से और मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।

Recent Posts