बीबीसी लाइव / बीबीसी हिंदी न्यूज़ महराजगंज
रियाजुद्दीन अंसारी
महराजगंज ,मंगलवार को जिला कलेक्टरेट स्थित डीएम ऑफिस पर तंजीमुल मकातिब के पदाधिकारी व कार्यकर्ता इकट्ठा हुए और नाज़िया इलाही के खिलाफ जिला मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को एक ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया है कि कोलकाता (पश्चिम बंगाल) की रहने वाली नाज़िया इलाहीने हाल ही में पैगंबर मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिए और शान-ए-रसूल में गुस्ताखी करने की हिम्मत की, जिसने पूरे देश के मुसलमानों को गहरा आहत किया है। देशभर में अनेक स्थानों पर नाज़िया के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो रही हैं और मामला पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि नाज़िया इलाही को तुरंत गिरफ्तार कर कठोर से कठोर सजा दी जाए।
मीडिया से बात करते हुए संगठन के जिला अध्यक्ष मौलाना वसीम अख्तर अज़ीज़ी ने कहा कि मुसलमान हर बात सहन कर सकता है, लेकिन अपने नबी की शान में गुस्ताखी कतई बर्दाश्त नहीं कर सकता। उन्होंने भारत सरकार से अपील की कि ऐसा कानून बनाया जाए जिसमें किसी भी धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संगठन के निरीक्षक मौलाना मुहम्मद रमज़ान अमजदी ने कहा कि हमारे पैगंबर (सलल्लाहु अलैहि वसल्लम) ने अमन और शांति का संदेश दिया; देश में कुछ फितना परवर लोग हैं जो पैगंबर की शान में गुस्ताखी करके देश की शांति और सौहार्द को भंग करना चाहते हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आवश्यक है ताकि हमारा देश, जो सदैव शांति और भाईचारे के लिए जाना जाता रहा है, अपनी यह पहचान बनाये रखे।
ग्राम कोदैला के पूर्व प्रधान व दीवानी कचहरी महराजगंज के वकील एडवोकेट नूर आलम ने कहा कि नाज़िया इलाही अत्यंत विवादास्पद महिला हैं; जब भी वह बोलती है तो हमारे पैगंबर के खिलाफ बोलती है। ऐसी महिला पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि दूसरों के लिए नसीहत बने। मौलाना हुसामुद्दीन फैज़ी और मौलाना तफज्जुल हुसैनी ने कहा कि नाज़िया ने पैगंबर मोहम्मद (सलल्लाहु अलैहि वसल्लम) की गुस्ताखी की है, जिसके कारण पूरे देश में सामाजिक समरसता भंग हो रही है और माहौल बिगड़ रहा है; इसलिए उस के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने गुस्ताखे रसूल के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग दोहराई।
इस अवसर पर मौलाना हुसामुद्दीन फैज़ी, मौलाना शेर मोहम्मद निज़ामी, मौलाना गुलाम मुहय्युद्दीन निज़ामी, मीडिया इंचार्ज क़ारी मुहम्मद अजीमुद्दीन निज़ामी, मौलाना तफ़ज्जुल हुसैन अलीमी, हाफ़िज़ अज़हर रज़ा, मौलाना अफ़्ज़ल नूरी शाह मुहम्मद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।






