
96.10% मतदान के साथ पलारी नगर पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न

बालोद:–, 01 जून 2026। नवगठित नगर पंचायत पलारी के आम निर्वाचन तथा जिले में त्रि-स्तरीय पंचायत उप निर्वाचन का मतदान सोमवार को शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न ढंग से संपन्न हुआ। नगर पंचायत पलारी में पहली बार हुए चुनाव में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 96.10 प्रतिशत मतदान दर्ज कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 3766 मतदाताओं में से 3620 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 1779 पुरुष एवं 1841 महिला मतदाता शामिल रहे। पुरुष मतदान प्रतिशत 96 तथा महिला मतदान प्रतिशत 96.30 दर्ज किया गया।
मतदान केंद्रों में सुबह से ही मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चंद्रकांत कौशिक ने पलारी में मौजूद रहकर पूरे मतदान कार्य की निगरानी की।

निर्धारित समय तक मतदान प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद सभी मतदान दल सामग्री सहित सुरक्षित रूप से वापिस लौट आए। प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं सफल निर्वाचन संपन्न होने पर संतोष व्यक्त किया।






