
धमतरी/ महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर देऊर घाट स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर समिति, महिमा सागर एवं विंध्यवासिनी वार्ड, धमतरी द्वारा भव्य जस-झांकी कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा मुख्य रूप से उपस्थित होकर भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन किया और क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

जस-झांकी में भगवान शिव, माता पार्वती, नंदी एवं अन्य देवी-देवताओं की मनोहारी झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित होकर भक्ति भाव से कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।

महापौर रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व हमें आध्यात्मिक शक्ति, संयम और समाज में सद्भाव का संदेश देता है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने और हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का कार्य करते हैं। उन्होंने मंदिर समिति के सदस्यों की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता पर बधाई दी।
कार्यक्रम में वार्ड के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।






