गंगरेल बांध के 14 गेट खुले विधायक ओंकार साहू ने लिया जलस्तर का जायजा लगातार बारिश के बीच क्षेत्रवासियों से सावधानी बरतने की अपील

धमतरी। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते गंगरेल बांध का जलस्तर बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए बांध के 14 गेट खोले गए हैं। धमतरी विधायक ओंकार साहू ने आज मौके पर पहुंचकर गंगरेल बांध में जलभराव, बढ़ते जलस्तर तथा गेटों से छोड़े जा रहे पानी की स्थिति का जायजा लिया।लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की विभिन्न नदियां और नाले उफान पर हैं। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो रही है। विधायक ओंकार साहू ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में सावधानी ही सुरक्षा है। अनावश्यक रूप से नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों की ओर जाने से बचें तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही ऐसे मार्गों से आवागमन करें।उन्होंने विशेष रूप से पुल-पुलियों एवं रपटों के ऊपर से पानी बहने की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पानी का बहाव तेज होने की स्थिति में वाहन या पैदल पार करने का प्रयास जानलेवा हो सकता है। ऐसे स्थानों पर प्रशासन द्वारा लगाए गए सुरक्षा संकेतों एवं निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाना चाहिए।विधायक ने क्षेत्रवासियों से बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा मौसम और जलस्तर की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपदा या जलभराव की स्थिति में प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग करना सभी की जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए नागरिक स्वयं भी जागरूक रहें और आसपास के लोगों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें।

 

Recent Posts