शाला प्रवेशोत्सव से बच्चों के जीवन में शिक्षा का नया अध्याय प्रारंभ होता है : रंजना साहू

धमतरी- विकासखण्ड धमतरी के ग्राम भानपुरी में आयोजित विकासखण्ड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर अन्य अतिथियों के साथ नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मुंह मीठा कराते हुए उनका आत्मीय स्वागत किया तथा उन्हें पाठ्य-पुस्तकें एवं अध्ययन सामग्री वितरित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रंजना साहू ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन में शिक्षा, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है, इसलिए प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी शिक्षा में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में अनेक नवाचार किए गए हैं। नई शिक्षा नीति के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना तथा उन्हें बेहतर सीखने का वातावरण उपलब्ध कराना है। श्रीमती साहू ने विद्यालय के शिक्षकों से भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक ही बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण के सबसे बड़े मार्गदर्शक होते हैं और उनके प्रयासों से ही विद्यार्थी अपने जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करते हैं। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित बच्चों एवं उनके अभिभावकों ने भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। अतिथियों ने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Recent Posts