नावों की रफ्तार में दिखा जोश, गंगरेल बना रोमांच का नया केंद्र

गंगरेल की लहरों पर मुकाबला जबरदस्त, नावों की दौड़ ने बढ़ाया जोश धमतरी के गंगरेल बांध में पहली बार आयोजित महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप ने इतिहास रच दिया है। नावों की रफ्तार, रोमांच और भारी जनसहभागिता के साथ यह आयोजन जिले के लिए नई पहचान बनकर सामने आया। गंगरेल बांध रविवार को उत्साह और रोमांच से भरा नजर आया, जहां गंगरेल नौकायान उत्सव के तहत 1000 मीटर की बोट रेस आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में धमतरी, कांकेर और बालोद की कुल 52 टीमों ने हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने जबरदस्त तालमेल, गति और संतुलन का परिचय देते हुए प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया, जिससे पूरा माहौल जोश और उत्साह से भर गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ओंकार साहू, महापौर रामू रोहरा और पूर्व विधायक रंजना साहू ने किया। इस दौरान कलेक्टर अविनाश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और दर्शक मौजूद रहे। इस आयोजन की खास बात महिला प्रतिभागियों की भागीदारी रही। तिर्रा गांव की चयन बाई, सुमन और दिनेश्वरी निधार ने पारंपरिक नाव के साथ हिस्सा लेकर न केवल चुनौती पेश की, बल्कि महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश भी दिया। प्रतियोगिता के परिणामों की बात करें तो रोमार निषाद तिरी और जीतु निषाद ने पहला स्थान हासिल किया। मंडावी और पनवल कोलियारी दूसरे स्थान पर रहे, जबकि कोमल निषाद और महेश्वर कुरेटरी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को क्रमशः 1 लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा वेशभूषा और सजावट श्रेणी में भी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। मछुआ समितियों को आइस बॉक्स वितरित किए गए और जल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वॉटर एंबुलेंस की शुरुआत भी की गई। यह आयोजन सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि धमतरी को पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गंगरेल की लहरों पर दौड़ी नावों ने यह संकेत दे दिया है कि धमतरी अब नई पहचान गढ़ने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Recent Posts