स्वरोजगार प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश उद्योग विकास पर कलेक्टर ने की विस्तृत समीक्षा बैठक

धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज शाम कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के विभिन्न बैंकों के रीजनल मैनेजर एवं उद्योगपतियों की अलग अलग बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत कृषकों, युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु तैयार प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बिना किसी उचित कारण के प्रकरण लंबित न रखें, ताकि हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि अनावश्यक रूप से प्रकरण रोकने वाले बैंकर्स के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके पश्चात कलेक्टर की अध्यक्षता में औद्योगिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें कुरूद, नगरी एवं मगरलोड विकासखण्ड के उद्योगपतियों एवं औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में जिले की औद्योगिक संभावनाओं एवं आधारभूत संरचना के विकास पर विस्तार से चर्चा की गई।कलेक्टर मिश्रा ने जिले की सामरिक भौगोलिक स्थिति को निवेश के लिए अनुकूल बताते हुए विभिन्न क्षेत्रों में नए उद्योग स्थापित करने हेतु उद्योगपतियों को प्रोत्साहित किया। उद्योगपतियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में आ रही समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर कलेक्टर ने त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।बैठक में एफआरके (FRK) इकाइयों को उत्पादों के विविधीकरण पर जोर देते हुए बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने की बात कही गई। इसके साथ ही जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सीबीएसई स्कूल खोलने जैसे प्रस्तावों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बागोद से लगभग 10 किलोमीटर दूरी पर रेलवे रैक स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे उद्योगों को विशेष लाभ मिलने की संभावना है।

Recent Posts