मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह की बढ़ी मुश्किलें, पद से हटाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में नई याचिका दायर

ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए बयान को लेकर मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जहां उनके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में नई याचिका दायर की गई है। इसमें उनको विवादित बयान की वजह से पद से हटाए जाने पर बल दिया गया है।

जबलपुर: सुप्रीम कोर्ट में मध्य प्रदेश शासन के मंत्री विजय शाह के विरुद्ध नई याचिका दायर हुई है। यह कदम कांग्रेस नेता जया ठाकुर ने उठाया है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए बयान को लेकर मंत्री शाह को पद से हटाए जाने पर बल दिया है।

याचिका में कहा गया है कि मंत्री शाह ने जिस तरह का बयान दिया, वह संविधान के अनुच्छेद 164 (3) के तहत ली गई शपथ के उल्लंघन की परिधि में आता है।

उल्लेखनीय है कि 11 मई को इंदौर के महू में हलमा कार्यक्रम में आपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर मंत्री विजय शाह ने विवादास्पद टिप्पणी कर दी थी, जिसके बाद देशभर में हंगामा मच गया था। पहले हाई कोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट में भी मामला पहुंचा। कोर्ट के निर्देश पर मंत्री विजय शाह के खिलाफ जांच अभी भी चल रही है।

सुप्रीम कोर्ट ने अलग से याचिका दायर करने कहा

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट में 28 मई को मामले की सुनवाई के दौरान कांग्रेस नेता जया ठाकुर ने कैविएट दायर की थी। उनके अधिवक्ता वरुण ठाकुर ने एसआइटी जांच पर सवाल उठाया था। उन्होंने बताया था कि एसआईटी ने शाह के बयान के वीडियो की जांच कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट से समय मांगा है।

वहीं विजय शाह ने अभी तक मंत्री पद से इस्तीफा भी नहीं दिया है। यह सवाल उठाने पर कोर्ट ने अलग से याचिका दायर करने कहा था। लिहाजा, जया ठाकुर ने नई याचिका दायर कर दी।

ब्यूरो रिपोर्ट 

Recent Posts

अपने पैत्रीक निवास स्थान ग्राम सिलौटी में ग्रामवासियों के साथ होली एवं नगाड़े बजने का आनंद लेने पहुंचे लेखराम साहू जी पूर्व विधायक कुरूद एवं राष्ट्रीय समन्वयक पिछड़ा वर्ग नई दिल्ली एवं ग्राम वासियों को उनके उज्वल भविष्य की कामना की एवं शुभकामनाएं दी और विधायको से मिल कर उनको होली की बधाई दी।