
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने नेताओं व कार्यकर्ताओं का जताया आभार, आगामी चरण में बूथ स्तर पर निर्णायक लड़ाई लड़ने का किया आह्वान छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आदेशानुसार एवं जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के निर्देश पर पूरे जिले में चलाया जा रहा पांच दिवसीय वोट बचाओ देश बचाओ’ मंडल स्तरीय जन चौपाल अभियान 15 नवंबर को संपन्न हो गया। 11 नवंबर से प्रारंभ हुए इस व्यापक जन संवाद कार्यक्रम के तहत धमतरी जिले के सभी 47 मंडल कांग्रेस कमेटियों में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस आंदोलन को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए जिले के विधायकों पूर्व विधायकों एवं वरिष्ठ नेताओं ने मंडल प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली और आम जनता के बीच सीधा संवाद किया। मंडल स्तरीय जन संवाद के अंतिम दिवस 15 नवंबर को कुरूद मंडल अंतर्गत बाजार चौक में एक विशाल जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की पर्यवेक्षक एवं सांसद डॉ. शोभा बच्छाव तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सकलेन कामदार विशेष रूप से शामिल हुए। नेताओं ने स्थानीय नागरिकों किसानों युवाओं और महिलाओं के साथ संवाद कर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के प्रति जागरूक किया। जन चौपाल को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता एवं AICC पर्यवेक्षक सांसद डॉ. शोभा बच्छाव ने कहा कि आज देश का संविधान और लोकतंत्र एक गंभीर चुनौती के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को मतदान का समान अधिकार दिया है। यही एक वोट आम आदमी की सबसे बड़ी ताकत है जिससे वह अपनी सरकार चुनता है और अपने अधिकारों की रक्षा करता है। आज सुनियोजित तरीके से मतदाताओं के अधिकारों को कमजोर करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। सांसद बच्छाव ने कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा कि यह लड़ाई केवल किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि आम नागरिक के संवैधानिक हक को बचाने की है। उन्होंने सभी से मतदाता सूची में अपने नाम की जांच करने और किसी भी अनियमितता के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाने की अपील की। अभियान के सफल समापन पर जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने मंडल प्रभारी बने जिले के सभी सम्माननीय विधायकों पूर्व विधायकों वरिष्ठ नेताओं ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों तथा सभी ऊर्जावान कार्यकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में चंद्राकर ने कहा आप सभी के अथक परिश्रम और समर्पण से जिले के सभी 47 मंडलों में यह जन चौपाल ऐतिहासिक रूप से सफल रही है। गांव-गांव और गली-गली पहुंचकर आपने लोकतंत्र की रक्षा का जो संदेश दिया है, वह अत्यंत सराहनीय है। लेकिन हमारी यह लड़ाई अभी समाप्त नहीं हुई है, बल्कि अब यह और भी निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। आगामी आंदोलन की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि मंडल स्तर पर मिले जनसमर्थन की इस ऊर्जा को अब सीधे बूथ स्तर तक लेकर जाना है। उन्होंने कहा कि आगामी चरण में हमें जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र तक पहुंचकर मतदाता सूची का सूक्ष्म परीक्षण करना है और यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम कटने न पाए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संविधान रक्षा के आगामी आंदोलनों के लिए पूरी मजबूती के साथ कमर कसने का आग्रह किया। कार्यक्रम को प्रदेश महामंत्री सकलेन कामदार सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर AICC पर्यवेक्षक एवं सांसद डॉ. शोभा बच्छाव, प्रदेश महामंत्री सकलेन कामदार, असंगठित कर्मकार प्रदेश अध्यक्ष सिद्दीकी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, मंडल प्रभारी पूर्व पीसीसी सचिव आनंद पवार, पूर्व अजजा आयोग उपाध्यक्ष राजकुमारी दीवान, कुरूद ब्लाक प्रभारी चंदन बाफना, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महिम शुक्ला, वरिष्ठ कांग्रेसी प्रहलाद चंद्राकर, गीताराम सिन्हा, जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री रामेश्वर साहू, जानसिंह यादव, कामराय साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवव्रत साहू, नेता प्रतिपक्ष डुमेश साहू, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष प्रमोद साहू, मंडल अध्यक्ष मनोज अग्रवाल सेक्टर अध्यक्ष संतोष प्रजापति, अशोक साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी महामंत्री चंद्र प्रकाश देवांगन, उपाध्यक्ष लव चंद्राकर, कोषाध्यक्ष रवि शर्मा, पूर्व पार्षद रोशन जांगड़े, योगेश साहू, मयंक ध्रुव सहित बड़ी संख्या में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष बूथ स्तर के कार्यकर्ता और कुरूद क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।






