धमतरी। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति खरेंगा में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ जिला पंचायत धमतरी की सभापति एवं भाजपा गंगरेल मंडल अध्यक्ष मोनिका ऋषभ देवांगन के आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर भारत माता छत्तीसगढ़ महतारी एवं माता अन्नपूर्णा की पूजा-अर्चना कर तथा नापतौल मशीन का पूजन कर धान खरीदी का शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए देवांगन ने कहा कि किसान हमारे देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। किसानों की मेहनत और परिश्रम से ही प्रदेश समृद्ध एवं खुशहाल बनता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को अतिरिक्त आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को सत्यापित धान रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान करने का प्रावधान है। इससे किसानों को खेती–किसानी की लागत, खाद–बीज एवं अन्य कृषि आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता मिलेगी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसान हितैषी सोच और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों से किए गए वादों को पूरा कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि किसान क्रेडिट कार्ड फसल बीमा योजना एवं कृषक उन्नति योजना जैसी पहल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। देवांगन ने सभी किसान भाइयों एवं बहनों को धान खरीदी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसानों की खुशहाली और समृद्धि ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।इस अवसर पर जनपद सदस्य गीतेश्वरी साहू, प्राधिकृत अध्यक्ष शेखन साहू सरपंच संघ के अध्यक्ष हिमांशु शेखर साहू, ग्राम सरपंच नीलम अडिल भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हीरेंद्र साहू एवं मोहन साहू सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान एवं समिति के कर्मचारी उपस्थित रहे।






