व्रतधारी माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात कर दी छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं धमतरी/ लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर नगर निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा रुद्रेश्वर घाट में आयोजित छठ महापर्व के धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर समस्त प्रदेशवासियों एवं नगरवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महापौर ने घाट पर उपस्थित व्रतधारी माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, आस्था, श्रद्धा, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम प्रतीक है। भगवान सूर्यदेव की उपासना का यह पर्व हमें स्वच्छता, संयम, अनुशासन और समर्पण के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। व्रतधारी माताएं-बहनें पूरी निष्ठा, पवित्रता और श्रद्धा के साथ कठिन व्रत रखकर अपने परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करती हैं।उन्होंने कहा कि छठ महापर्व सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम, सद्भावना और भाईचारे का भी संदेश देता है। इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता है कि समाज के सभी वर्गों के लोग एकजुट होकर श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। घाटों पर सामूहिक रूप से मनाया जाने वाला यह पर्व हमारी सामाजिक एकता, पारिवारिक संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत को और अधिक मजबूत बनाता है।महापौर ने कहा कि धमतरी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं हमारी विशिष्ट पहचान हैं। ऐसे पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति और विरासत को जीवंत बनाए रखते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा देते हैं।अंत में महापौर रामू रोहरा ने छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव से प्रार्थना करते हुए सभी व्रतधारी माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की। साथ ही समस्त नगरवासियों को छठ महापर्व की पुनः हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।






