जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण, बेहतर पुलिसिंग एवं जनसंपर्क पर विशेष जोर सुशासन तिहार में पुलिस स्टॉल लगाकर शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के प्रभावी एवं सफल संचालन को लेकर पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार द्वारा जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में आमजन से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सुशासन तिहार के सुचारु संचालन हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी तथा राजपत्रित अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु पुलिस विभाग द्वारा विशेष पुलिस स्टॉल स्थापित किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं जहां नागरिकों की शिकायतें सुनकर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक धमतरी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों एवं समस्याओं का संवेदनशीलता गंभीरता एवं तत्परता के साथ निराकरण किया जाए। बैठक में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी जनसंपर्क बढ़ाने एवं थाना-चौकी स्तर पर प्राप्त समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।एसपी धमतरी ने कहा कि पुलिस विभाग की जिम्मेदारी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि आमजन में सुरक्षा, विश्वास एवं सकारात्मक वातावरण कायम रखना भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को सुशासन तिहार के दौरान संवेदनशील जवाबदेह एवं जनहितैषी कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए।बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय सीएसपी धमतरी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा डीएसपी मोनिका मरावी डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर डीएसपी सुश्री मीना साहू, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, डीपीओ अजय सिंह सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।






