रामनवमी के पावन अवसर पर धमतरी शहर में श्रद्धा और भक्ति का विशेष वातावरण देखने को मिला। इतवारी बाजार स्थित प्राचीन श्री राम मंदिर में भव्य पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया गया।इस धार्मिक आयोजन में नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने विधिवत भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम के पूजन से हुई, जिसके बाद महाआरती की गई। महापौर ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालु भक्ति भाव में डूबे नजर आए और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने सभी नागरिकों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, सत्य और धर्म का संदेश देता है। उन्होंने समाज में भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने के लिए श्रीराम के आदर्शों को अपनाने पर जोर दिया।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, मंदिर समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। साथ ही शहर के अन्य मंदिरों में भी पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे पूरा धमतरी भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।






