युवाओं एवं महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की नई पहल – MEDP कार्यक्रम आरंभ

छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने की दिशा में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, छत्तीसगढ़ शासन तथा भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII) के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 13 फरवरी 2026 को दिव्य गोपाल धाम, तेलीनसती में 12 दिवसीय सूक्ष्म उद्यम विकास कार्यक्रम (MEDP) का शुभारंभ हुआ। यह पहल माननीय मुख्यमंत्री जी के विकसित छत्तीसगढ़ के विज़न को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम है। साथ ही EDII के महानिदेशक डॉ. सुनील शुक्ला युवाओं को उद्यमिता को करियर विकल्प के रूप में अपनाने हेतु निरंतर प्रेरित कर रहे हैं। EDII छत्तीसगढ़ टीम, डॉ. अमित कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में, राज्य में MSME विकास हेतु एक सशक्त एवं सतत उद्यमी पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं प्रतिभागियों की सक्रिय उपस्थिति रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मोहनी साहू रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ऋतु प्रधान एवं अरविंद कुमार द्विवेदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. पी. एल. सिंहा ने उद्यम विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करते हैं तथा किसानों की आय वृद्धि में सहायक सिद्ध होते हैं। आयोजन में महेंद्र नेम, राजेश्वरी साहू, रानी विश्वकर्मा, मंजू टेमरे, भारती सोनी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने उद्यानिकी के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया तथा प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि मोहनी साहू ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के भीतर कोई न कोई प्रतिभा निहित होती है, आवश्यकता केवल उसे उचित मंच और सही मार्गदर्शन प्रदान करने की है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे घर से ही स्वरोजगार प्रारंभ कर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। सफल उद्यम के लिए नवाचार, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण, जोखिम उठाने की क्षमता, प्रभावी प्रबंधन एवं सुव्यवस्थित योजना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को उद्यम विकास से संबंधित आवश्यक जानकारी, व्यावहारिक मार्गदर्शन एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों से अवगत कराया गया।

Recent Posts