धमतरी। आज ग्राम नवागांव कण्डेल में आयोजित एक दिवसीय पंथी नृत्य एवं जयंती समारोह में धमतरी विधायक ओंकार साहू शामिल हुए। इस अवसर पर समाज जनों सतनाम शोभायात्रा निकालकर बाबा गुरुघासी दास जी के पद चिन्हों को याद किया | धमतरी विधायक ओंकार साहू ने कहा कि पंथी नृत्य हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति की पहचान है, जो सतनामी समाज की आस्था, संघर्ष और सांस्कृतिक चेतना को सजीव रूप में प्रस्तुत करता है। इसे सहेजने और आगे बढ़ाने का कार्य हमारे कलाकारों एवं ग्रामवासी निरंतर कर रहे हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ओंकार साहू ने बलौदा बाजार कांड का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बलौदा बाजार की घटना में भाजपा सरकार ने जबरदस्ती सतनामी समाज के निर्दोष युवाओं को जेल में डाल दिया। यह समाज के युवाओं के साथ घोर अन्याय है। उन्होंने कहा कि निर्दोष युवाओं को लगभग आठ महीने से भी अधिक समय तक जेल में रहना पड़ा, जबकि सरकार वास्तविक दोषियों को सजा दिलाने में पूरी तरह विफल रही है।विधायक साहू ने आगे कहा कि भाजपा सरकार अमर गुफा के जैतखाम को तोड़ने वाले दोषियों को आज तक सजा नहीं दिला पाई, लेकिन निर्दोष युवाओं पर विभिन्न धाराएं लगाकर उन्हें जेल भेज दिया गया। यह सत्ता का दुरुपयोग और दोहरी नीति का स्पष्ट उदाहरण है, जिसे समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने मांग की कि निर्दोष युवाओं पर लगाए गए सभी झूठे मामलों को तत्काल वापस लिया जाए और वास्तविक दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। अंत में विधायक ओंकार साहू ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी आयोजकों, पंथी कलाकारों एवं ग्राम नवागांव कण्डेल के समस्त ग्रामवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ हमारी लोकपरंपराओं को जीवित रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। मौके पर धमतरी विधायक ओंकार साहू , मानसिंह डहरे , नवीन मार्कण्डे, कोमल संभाकर , दिनेश्वरी साहू, कुमार साहू , राजेन्द्र भारती, विनोद डिण्डोलकर , अशोक सोनवानी, सरपंच लखन लाल ध्रुव , उपसरपंच जीवन डहरिया , भगवान दास सोनवानी, शिवकुमार साहू , ललित पटेल , गणराज सिन्हा , तुकाराम सिन्हा , रेखराम साहू , किसुन साहू , मोहित साहू , हेमंत टोण्डे , रेखराज साहू , लोकेश्वरी टोण्डे , देवेन्द्र सिन्हा , साथ में बड़ी संख्या में मातृ शक्ति व ग्रामीणजन उपस्थित रहे |







