धमतरी/कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज धमतरी जिले के कुरूद एवं मगरलोड विकासखंड में संचालित विभिन्न सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नारी पुल से परसट्टी मार्ग (लंबाई 3.50 किमी), गाड़ाडीह से परखंदा–गुदगुदा–नारी रोड (लंबाई 12.20 किमी), उमरदा चौक एक्सप्रेसवे मार्ग तथा भेंडरी में नवनिर्मित महतारी सदन का अवलोकन किया।कलेक्टर मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को भी कहा। भेंडरी स्थित महतारी सदन के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता चहल, जनपद पंचायत मगरलोड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री दिव्या ठाकुर सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।







