पिछले पौने दो साल में बड़ी संख्या में पशुधन राज्य से गायब, कई दर्जनों की दुर्घटना व भूख से मौत – भाजपा सरकार की घोर लापरवाही उजागर।

मनेंद्रगढ़ / – कांग्रेस पार्टी ने आज प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। पार्टी ने कहा कि राज्य में पिछले पौने दो साल में बड़ी संख्या में पशुधन लापता हो चुके हैं और अनगिनत गाएं भूख व दुर्घटनाओं का शिकार होकर मर चुकी हैं।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार ने कांग्रेस सरकार की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना और गौठान योजना को बंद कर दिया। परिणामस्वरूप आज सड़कों पर आवारा पशु घूम रहे हैं, जिनकी देखरेख न होने से वे भूख-प्यास और दुर्घटनाओं में जान गंवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक असफलता नहीं बल्कि भाजपा की संवेदनहीनता को भी दर्शाता है।

पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि भाजपा चुनावों के समय गौ माता के नाम पर राजनीति करती है, लेकिन सत्ता में आते ही गोधन के कल्याण की योजनाएँ बंद कर दी जाती हैं। उन्होंने सवाल उठाया – आखिर इन गायों का क्या हुआ? क्या उनकी तस्करी कर दूसरे राज्यों के स्लॉटर हाउस में नहीं भेजा गया? भाजपा को इसका जवाब जनता के सामने देना होगा।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने बताया कि गोठान और गोधन न्याय योजना के बंद होने के बाद हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि कई गाएं भूख-प्यास से मर चुकी हैं, अनेक दुर्घटनाओं में जान गंवाई है और कुछ गाएं प्लास्टिक व जहरीले कचरे खाने से काल के गाल में समा गईं। उन्होंने कहा कि भाजपा खुद को गौ रक्षक बताती है लेकिन असलियत में यह सरकार गौवंश की सबसे बड़ी दुश्मन साबित हुई है।

कांग्रेस पार्टी ने सरकार से मांग की है कि पिछले पौने दो साल में गायब हुई पशुधन की संख्या का स्पष्ट विवरण सार्वजनिक किया जाए, पूर्व में संचालित किए गए गौठानों को पुनः चालू किया जाए, गौवंश के लिए पानी और चारे की स्थायी व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि भाजपा सरकार ने जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस पार्टी व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

ब्युरो रिपोर्ट

Recent Posts

अपने पैत्रीक निवास स्थान ग्राम सिलौटी में ग्रामवासियों के साथ होली एवं नगाड़े बजने का आनंद लेने पहुंचे लेखराम साहू जी पूर्व विधायक कुरूद एवं राष्ट्रीय समन्वयक पिछड़ा वर्ग नई दिल्ली एवं ग्राम वासियों को उनके उज्वल भविष्य की कामना की एवं शुभकामनाएं दी और विधायको से मिल कर उनको होली की बधाई दी।