चक्रवात अर्नब एवं मुरासु से भारी बारिश ने किसानों की कमर तोड़ी सिलौटी और भठेली क्षेत्र में फसलों को भारी नुकसान

धमतरी। जिला धमतरी के कुरूद विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिलौटी एवं भठेली सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चक्रवात अर्नब एवं मुरासु के प्रभाव से हुई भारी बारिश के चलते किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भरने, फसलों के गिरने तथा तैयार फसल खराब होने से किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।क्षेत्र के उन्नतशील किसान एवं कुरूद के पूर्व विधायक  लेख राम साहू ने इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों की स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि किसान पूरे वर्ष मेहनत और पूंजी लगाकर अपनी फसल तैयार करते हैं, लेकिन प्राकृतिक आपदा के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।उन्होंने कहा कि सिलौटी भठेली एवं आसपास के गांवों में बारिश से हुए नुकसान का अब तक उचित सर्वे नहीं किया गया है। प्रभावित किसान प्रशासन की ओर उम्मीद लगाए बैठे हैं। ऐसे समय में किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खेतों का निरीक्षण और फसल क्षति का निष्पक्ष आकलन किया जाना चाहिए। साहू ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित गांवों में तत्काल सर्वे दल भेजकर फसल नुकसान का आकलन कराया जाए तथा प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा एवं राहत राशि प्रदान की जाए, ताकि किसानों को इस संकट से उबरने में सहायता मिल सके।उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसानों की मेहनत और उनकी आजीविका की रक्षा करना शासन-प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

Recent Posts