
“बालोद में जनजातीय गौरव दिवस समारोह, विजय शर्मा ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां”

बालोद :– भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 17 नवंबर को बालोद में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग ने की। समारोह में जनजातीय संस्कृति, परंपरा, गौरवशाली इतिहास और समाज की उपलब्धियों का सम्मान किया गया। इस दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं, जिले में संचालित विकास कार्यों तथा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले जनजातीय वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों पर चलते हुए छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं संगीतमय कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में समाज और देश के लिए जो योगदान दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा।
नारागांव बनेगा प्रदेश का पहला सौर ऊर्जा संचालित गांव

उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने जिले में संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि कनेरी-धनोरा मल्टी विलेज स्कीम का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है, जिससे अनेक गांवों के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि जिले का नारागांव प्रदेश का पहला ऐसा गांव बनने की दिशा में अग्रसर है, जहां सभी घरों एवं शासकीय कार्यालयों को सौर ऊर्जा से संचालित करने की पहल की जा रही है। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ बिजली पर निर्भरता भी कम होगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने तथा महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता प्रदान करने की बात कही। बस्तर में माओवाद के प्रभाव में कमी आने से शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब गांवों में पारंपरिक मेले, उत्सव और सामाजिक मेल-मिलाप की परंपराएं फिर से उत्साह के साथ जीवंत हो रही हैं।
प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनजातीय समाज का हो रहा चहुंमुखी विकास : भोजराज नाग

समारोह की अध्यक्षता कर रहे सांसद भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज को सम्मान, अधिकार और विकास के नए अवसर मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और महतारी वंदन योजना से जनजातीय क्षेत्रों में विकास को नई गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति के रूप में आसीन होना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। वहीं छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज से आने वाले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश का विकास हो रहा है।
सांसद श्री नाग ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में वर्ष 1999 में पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय के गठन को भी जनजातीय समाज के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय बहुल गांवों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
धान खरीदी और महतारी वंदन से परिवारों को आर्थिक संबल
सांसद श्री नाग ने महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को मिल रही नियमित आर्थिक सहायता की सराहना की। उन्होंने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। बस्तर एवं सरगुजा जैसे जनजातीय बहुल क्षेत्रों के किसानों को भी उनकी उपज का उचित लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने वर्ष 1910 के वीर गुण्डाधुर के नेतृत्व में हुए भूमकाल आंदोलन तथा शहीद वीर नारायण सिंह के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन जनजातीय समाज की पहचान एवं आजीविका का आधार हैं। इनके संरक्षण और जनजातीय समुदाय के भूमि अधिकारों की रक्षा के लिए संवैधानिक एवं कानूनी प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने सभी से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात कर प्रदेश और देश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
जिले के 186 गांव धरती आबा अभियान में शामिल : कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिलेवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, कला, परंपराएं और जीवनशैली हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। इनका संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि बालोद जिले की कुल आबादी में लगभग 31.35 प्रतिशत जनजातीय समुदाय की भागीदारी है। जिले का डौंडी विकासखंड पूर्ण रूप से आदिवासी विकास परियोजना में शामिल है। इसके अलावा जिले के 186 गांव धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत शामिल किए गए हैं। इन गांवों के समग्र विकास के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आवास, सड़क और आजीविका सहित विभिन्न क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। समारोह स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनियां भी लगाई गईं, जिनके माध्यम से शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों की जानकारी आम नागरिकों को दी गई।
जनजातीय प्रतिभाओं, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और वीर परिवारों का सम्मान

समारोह में जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, शहीद परिवारों तथा देश की सेवा में योगदान देने वाले वीर सैनिकों के परिवारों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभावान व्यक्तियों का भी सम्मान किया गया।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने सम्मानित जनों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि इनका संघर्ष, समर्पण और योगदान जिले की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने तथा जिले के समग्र विकास में सभी से सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी समारोह को संबोधित किया।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
समारोह में पद्मश्री श्री डोमार सिंह कुंवर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष श्री सौरभ लूनिया, नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा के अध्यक्ष श्री तोरण साहू, नगर पालिका परिषद बालोद के उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी, नगर पंचायत डौंडीलोहारा के अध्यक्ष श्री लाल निवेंद्र सिंह टेकाम, जनपद अध्यक्ष बालोद श्रीमती सरस्वती टेमरिया, जनपद पंचायत गुंडरदेही के अध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम चंद्राकर, जनपद पंचायत डौंडी के अध्यक्ष श्री मुकेश कौड़ो, पूर्व विधायक श्री वीरेंद्र साहू, श्री प्रीतम साहू एवं श्री राजेंद्र राय सहित आदिवासी समाज के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण, वनमंडलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, श्री हरिवंश सिंह मिरी एवं श्री नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष तथा आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री विजय सिंह कंवर सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग और आम नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में अपर कलेक्टर श्री जीएल यादव ने समारोह में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।






