जिला कुम्हार समाज धमतरी का वार्षिक सम्मेलन प्रतिभा सम्मान एवं नवीन पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

प्रतिभाओं का प्रोत्साहन और सामाजिक एकजुटता ही समाज की उन्नति का आधार : मोनिका देवांगन धमतरी। समाज की प्रगति का रास्ता शिक्षा, संस्कार और संगठन की मजबूती से होकर गुजरता है। इसी भावना के साथ देवांगन धर्मशाला दानी टोला में आयोजित धमतरी जिला कुम्हार समाज के वार्षिक सम्मेलन, प्रतिभा सम्मान एवं नवीन पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में जिला पंचायत धमतरी की सभापति मोनिका ऋषभ देवांगन अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली प्रतिभाओं का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही नवनियुक्त पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम महापौर रामू रोहरा एवं अध्यक्षता हरिश्चंद्र चक्रधारी ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष श्रीमती अंगिरा ध्रुव कोलियारी सरपंच ज्योति श्यामू सोनकर उपसरपंच राजेश चक्रधारी दानीटोला पार्षद अज्जू देश लहरे एवं समाज के प्रमुखजन वरिष्ठ जन एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति और युवा साथी उपस्थित रहे।इस अवसर पर श्रीमती देवांगन ने कहा कि कुम्हार समाज का हमारी सभ्यता और सांस्कृतिक जीवन में अपना विशिष्ट योगदान रहा है। मिट्टी को अपनी कला कल्पनाशीलता और मेहनत से आकर्षक एवं उपयोगी स्वरूप देने की परंपरा इस समाज की पहचान है। दीपावली के दीपों से लेकर धार्मिक अनुष्ठानों में उपयोग होने वाले कलश और दैनिक जीवन में काम आने वाले मिट्टी के पात्रों तक कुम्हार समाज की कला हमारी परंपराओं से गहराई से जुड़ी हुई है। यह केवल एक पारंपरिक व्यवसाय नहीं बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही हमारी सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे सहेजना और आगे बढ़ाना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि आज समय के साथ समाज के युवाओं के सामने शिक्षा रोजगार, व्यवसाय और नए अवसरों के अनेक रास्ते खुल रहे हैं। ऐसे में समाज को चाहिए कि वह अपनी पारंपरिक पहचान को बनाए रखते हुए आधुनिक शिक्षा, कौशल और स्वरोजगार को भी प्रोत्साहित करे। विशेषकर बच्चों की शिक्षा और युवाओं की प्रतिभा को उचित मंच देना सामाजिक विकास की दिशा में सबसे सार्थक प्रयास है।प्रतिभा सम्मान समारोह की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जब किसी विद्यार्थी की मेहनत को समाज के सामने सम्मान मिलता है, तो उसके भीतर आगे बढ़ने का आत्मविश्वास और मजबूत होता है। यह सम्मान केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं बल्कि उसके परिवार के संस्कार परिश्रम और समाज के सहयोग का भी परिणाम होता है। समाज की प्रत्येक प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।नवीन पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए देवांगन ने कहा कि संगठन का नेतृत्व करना अपने समाज के प्रति सेवा और समर्पण का अवसर है। सभी पदाधिकारी आपसी विश्वास सामंजस्य और सामूहिक सहभागिता के साथ समाजहित में कार्य करें। वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज नई उपलब्धियां हासिल कर सकता है।उन्होंने आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता प्रतिभाओं के सम्मान और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की पहल की सराहना करते हुए समस्त जिला कुम्हार समाज को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Recent Posts