जिले में नवरात्र महोत्सव की धूम मची हुई है। शहर के जालमपुर वार्ड स्थित भागवत चौक में विराजित

धमतरी की राजमाता की पं. विनोद पांडेय ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा, आरती कराई। इस दौरान 108 दीपों की महाआरती हुई, जिसकी शुरुआत कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने की। जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय और डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव व समाजसेवी रितुराज पवार महाआरती में हिस्सा लेकर माता का आशीर्वाद लिया। महाआरती में शामिल होने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने पूजा-अर्चना के बाद वार्ड के विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा की। पूजा में समिति के अध्यक्ष विनय लोधी, विजय देवांगन, सत्यम सिन्हा, पप्पू वर्मा, अजय देवांगन, दादू सिन्हा, ईश्वर देवांगन, नागेंद्र देवांगन, तरूण देवांगन समेत वार्डवासी उपस्थित रहे। महाआरती में शामिल होने से पहले कलेक्टर, सीईओ, डीएफओ नगरी ब्लॉक के दौरे पर थे। दिनभर विकास कार्यों का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों ने पर्यटन के दृष्टिकोण से मेचका और उसके बाद मांदागिरी पहाड़ की चढ़ाई की। यहां उन्होंने गौतम ऋषि आश्रम पहुंचकर दर्शन किए। नगरी का दौरा कर लौटते समय सभी अधिकारी जालमपुर वार्ड के भागवत चौक पहुंचे। करीब आधे घंटे तक पूजा-अर्चना में शामिल रहे। जालमपुर के भागवत चौक में एकता मंच दुर्गोत्सव समिति बीते 35 वर्षों से देवी प्रतिमा की स्थापना करती आ रही है। इस परंपरा की शुरुआत यहां के बुजुर्गों ने की थी। अब युवा पीढ़ी ने नवरात्र उत्सव की जिम्मेदारी संभाल ली है। मूर्ति थनौद से लाई जाती है। महाआरती में महिलाएं, युवतियां अपने घरों से सजी-धजी थाल लेकर आरती में हिस्सा लेती हैं। इस वार्ड के युवाओं का उद्देश्य है कि वे युवा पीढ़ी को संस्कारी बनाएं।

Recent Posts