95 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद अपनी कला से धमतरी को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाना प्रेरणादायी : प्रीतेश गांधी ईश्वर की उत्कृष्ट एवं अनुपम कृति है बसंत साहू की चित्रकला : राजेंद्र शर्मा धमतरी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित अंतर्राष्ट्रीय चित्रकार बसंत साहू की कलाकृतियों की प्रदर्शनी छत्रपति शिवाजी मराठा मंगल भवन में आमजन के अवलोकन हेतु आयोजित की गई। प्रदर्शनी में उनकी जीवंत, संवेदनशील और भावपूर्ण चित्रकृतियों ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।लगभग 95 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद बसंत साहू ने अपनी असाधारण प्रतिभा, आत्मविश्वास और निरंतर साधना से चित्रकला के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान स्थापित की है। उनकी रचनाओं में जीवन के विविध रंग, संवेदनाएं और वास्तविकताएं जिस सजीवता के साथ कैनवास पर उभरती हैं, वह उनकी अद्वितीय कलात्मक क्षमता का परिचायक है।इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह-कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी, नगर निगम के पूर्व सभापति राजेंद्र शर्मा, पार्षद पिन्टू यादव कुलेश सोनी कृष्णकांत साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने बसंत साहू का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया तथा उनकी कलाकृतियों की सराहना की।इस अवसर पर प्रीतेश गांधी ने कहा कि जीवन की सच्चाइयों, संवेदनाओं और अनुभूतियों को चित्रों के माध्यम से जीवंत रूप देना अत्यंत दुर्लभ प्रतिभा है। बसंत साहू ने अपनी कला साधना से न केवल स्वयं को स्थापित किया है, बल्कि धमतरी जिले को भी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धियां युवाओं, विशेषकर दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि बसंत साहू की कला आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहेगी।नगर निगम के पूर्व सभापति राजेंद्र शर्मा ने कहा कि बसंत साहू जी की चित्रकला ईश्वर प्रदत्त अनुपम प्रतिभा का जीवंत उदाहरण है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने जिस समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति से अपनी कला को ऊंचाइयों तक पहुंचाया है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, उनकी कला को संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का नैतिक दायित्व है। प्रदर्शनी में उपस्थित नागरिकों ने भी श्री बसंत साहू की कलाकृतियों को अद्भुत बताते हुए उनकी प्रतिभा, संघर्ष और उपलब्धियों की मुक्तकंठ से सराहना की।






