प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं, कहा आजादी का पर्व हमें वीर शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है

धमतरी- भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने देश एवं प्रदेशवासियों सहित धमतरी विधानसभा क्षेत्र के समस्त क्षेत्रवासियों को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। श्रीमती रंजना साहू ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि जिस देश की मिट्टी में हम पले-बढ़े हैं, उस देश को स्वतंत्र होने के बाद 80 वां स्वतंत्रता दिवस मनाने पूर्ण जा रहे हैं। यह प्रत्येक भारतीय के लिए अत्यंत गौरव और गर्व का अवसर है। 15 अगस्त 1947 का दिन हमारे इतिहास का वह स्वर्णिम अध्याय है, जब वर्षों की गुलामी के बाद भारत ने स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में नई यात्रा प्रारंभ की, भारत की स्वतंत्रता हमें सहज रूप से प्राप्त नहीं हुई, बल्कि इसके पीछे असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, क्रांतिकारियों और वीर शहीदों का त्याग, तपस्या और सर्वोच्च बलिदान रहा है। महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सरदार वल्लभभाई पटेल सहित अनगिनत ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में अपने अधिकारों के साथ जीवन जी रहे हैं। हमें अपने वीर शहीदों के सपनों के भारत के निर्माण के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, विकास और नवाचार की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। आज भारत विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान बना रही है। हमें इस विकास यात्रा में अपनी भूमिका निभाते हुए विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने विशेष रूप से युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश के स्वतंत्रता संग्राम और शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्र की एकता-अखंडता और देश की प्रगति के लिए संकल्प लेने की अपील की। श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने सभी क्षेत्रवासियों को पुनः बधाई देते हुए कहा कि आइए, स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर हम सभी मिलकर राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा भारत को विश्व का विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का संकल्प लें।

Recent Posts