रिसाई पारा पूर्व वार्ड में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, पार्षद मेघराज ठाकुर ने बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक धमतरी। रिसाई पारा पूर्व वार्ड स्थित नागेश्वर मंदिर प्रांगण में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ पार्षद मेघराज ठाकुर ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया। अभियान के तहत पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षा प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर और बूथों पर पहुंचकर दवा पिलाई।इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नसरीन बानो, मितानिन सालनी चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।पार्षद मेघराज ठाकुर ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी माता-पिता से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि “पोलियो की सिर्फ दो बूंदें बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की गारंटी हैं। किसी भी बच्चे को इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित नहीं रहने देना चाहिए। सभी के सहयोग से ही पोलियो मुक्त भारत का संकल्प साकार होगा।”






