21 जून 2026 को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला जेल धमतरी में एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ रायपुर की पहल, प्रभारी जेल अधीक्षक इंदिरा नवीन सिंह के नेतृत्व, अपर कलेक्टर के मार्गदर्शन तथा माननीय सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धमतरी के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।इस वर्ष की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग को केंद्र में रखते हुए योग प्रशिक्षक कुमार रूचि साहू एवं खुशी साहू ने जेल परिसर में निरुद्ध 316 बंदियों को योगाभ्यास कराया। प्रातः 6 बजे से 7 बजे तक चले इस विशेष सत्र में बंदियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया तथा योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और तनावमुक्त जीवन के महत्व को समझाया गया।कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि माननीय नेहा उसेंडी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धमतरी ने स्वयं बंदियों के साथ योगाभ्यास कर उन्हें नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मअनुशासन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवन का आधार है।सहायक जेल अधीक्षक एन. के. डहरिया सहित जेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया। पूरे कार्यक्रम में बंदियों का अनुशासन सहभागिता और उत्साह देखने योग्य रहा। यह योग शिविर केवल एक आयोजन नहीं बल्कि बंदियों के जीवन में स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ। योग के माध्यम से सुधार, स्वास्थ्य और आत्मबल का संदेश देते हुए जिला जेल धमतरी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को प्रेरणादायी रूप में मनाया।






