“भाजपा नेताओं की शिकायत के बाद आबकारी अधिकारी का तबादला”

भाजपा नेताओं की शिकायत के बीच बालोद जिला आबकारी अधिकारी का तबादला, यशवंत जैन, चेमन देशमुख और सौरभ लूनिया ने कहा- सुशासन में शिकायतों पर होती है कार्रवाई


बालोद, :– छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग ने सोमवार को बड़े पैमाने पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तबादला सूची जारी की। जारी आदेश के अनुसार बालोद के जिला आबकारी अधिकारी योगेश्वर कुमार द्विवेदी का स्थानांतरण कर उन्हें प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी, जांजगीर-चांपा पदस्थ किया गया है। वहीं बेमेतरा के जिला आबकारी अधिकारी पलक नंद को बालोद का नया जिला आबकारी अधिकारी बनाया गया है।
तबादला आदेश के अनुसार बालोद कार्यालय में पदस्थ सहायक जिला आबकारी अधिकारी समीधा पाण्डेय को छत्तीसगढ़ डिस्टिलरी लिमिटेड, खपरी (कुम्हारी), जिला दुर्ग स्थानांतरित किया गया है। वहीं जेबा खान को रायपुर से स्थानांतरित कर जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय, बालोद में पदस्थ किया गया है। इसके अलावा आबकारी उप निरीक्षक वीणा भंडारी को बेमेतरा से बालोद भेजा गया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख एवं जिला महामंत्री सौरभ लूनिया सहित भाजपा पदाधिकारियों ने वाणिज्यिक कर (आबकारी) मंत्री लखन लाल देवांगन को ज्ञापन सौंपकर बालोद जिला आबकारी अधिकारी के कार्य व्यवहार पर सवाल उठाए थे। ज्ञापन में जिले में अवैध शराब बिक्री, शराब में मिलावट, शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने तथा आमजन के प्रति अधिकारी के रवैये को लेकर नाराजगी जताते हुए उनके स्थानांतरण की मांग की गई थी।
अब तबादला आदेश जारी होने के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। भाजपा पदाधिकारी इसे सुशासन की दिशा में सरकार की जवाबदेही से जोड़कर देख रहे हैं।


भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि “भाजपा सरकार में जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाता है। यदि किसी अधिकारी के खिलाफ लगातार शिकायतें मिलती हैं तो सरकार आवश्यक निर्णय लेने से पीछे नहीं हटती। सुशासन का अर्थ जवाबदेही और पारदर्शिता है।”


भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि “हमने जिले में आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली और अवैध शराब के मामलों को लेकर मंत्री के समक्ष तथ्य रखे थे। सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर निर्णय लिया है। आगे भी जनता के हितों के विरुद्ध कार्य करने वाले अधिकारियों के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।”


भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लूनिया ने कहा कि “प्रदेश सरकार की प्राथमिकता भ्रष्टाचार और लापरवाही पर अंकुश लगाना है। यदि किसी विभाग में शिकायतें सामने आती हैं तो उन पर कार्रवाई होना सुशासन की पहचान है। भाजपा कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लगातार उठाते रहेंगे।”
तबादला आदेश के बाद अब बालोद जिले में आबकारी विभाग की नई टीम से अवैध शराब पर प्रभावी नियंत्रण, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनशिकायतों के त्वरित निराकरण को लेकर लोगों की अपेक्षाएं भी बढ़ गई हैं।

Recent Posts