
एसबीआई कियोस्क सेंटर में 9 लाख से ज्यादा की धोखाधड़ी, दो आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

बालोद : डौण्डीलोहारा थाना क्षेत्र के संबलपुर स्थित एसबीआई कियोस्क सेंटर में लोगों के साथ बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामले के अनुसार, आरोपियों ने कम पढ़े-लिखे ग्रामीण ग्राहकों को एफडी और आरडी कराने का झूठा आश्वासन देकर उनके खातों से पैसे निकाल लिए। पीड़ितों से अंगूठा लगवाकर खातों से राशि ट्रांसफर की जाती थी और उन्हें गुमराह किया जाता था। इस तरह करीब 9 लाख 1 हजार रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया।
प्रार्थी सुरेन्द्र कुमार साहू की शिकायत पर थाना डौण्डीलोहारा में अपराध क्रमांक 64/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान आरोपी अमित कुमार निषाद और विरेन्द्र गिरी गोस्वामी से पूछताछ में अपराध स्वीकार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एक्टिवा (सीजी 24 व्ही 2869), एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल (सीजी 24 आर 5661), दो मोबाइल, एक एटीएम कार्ड और कुल 5,590 रुपये नगद सहित लगभग 1.5 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कियोस्क सेंटर में आने वाले ग्राहकों को बैलेंस चेक या लेन-देन के बहाने अंगूठा लगवाकर उनके खातों से पैसे निकाल लेते थे। दोनों आरोपियों के बीच आपसी लेन-देन के साक्ष्य भी मिले हैं।
पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर एवं एसडीओपी बोनी फॉस एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह और उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपी :
अमित कुमार निषाद (30 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 08, बाजार चौक, संबलपुर विरेन्द्र गिरी गोस्वामी (49 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 02, बस स्टैंड, संबलपुर
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है ।






