“जंबूरी में लोकनृत्य,परिधानों में झलकी भारत की विविधता”

“विविधता में एकता का जीवंत उत्सव बनी राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी 2026”

राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उड़ीसा, हिमाचल, उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश सहित सभी राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, एथनिक फैशन शो रहा आकर्षण का केंद्र

बालोद :– बालोद जिले के ग्राम दुधली में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी 2026 में भारत की बहुरंगी संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। देश के विभिन्न राज्यों से आए रोवर-रेंजर्स ने लोकनृत्य, गीत, संगीत, वेशभूषा और समकालीन प्रस्तुतियों के माध्यम से “विविधता में एकता” का सशक्त संदेश दिया।


राजस्थान की प्रस्तुतियों में पारंपरिक परिधान, लोकधुनों और ऊर्जावान नृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। पंजाब की भांगड़ा व गिद्दा प्रस्तुति ने जोश, परिश्रम और कृषि संस्कृति को उकेरा। दिल्ली की प्रस्तुति में फिल्मी गीतों, आधुनिक रैंप और सांस्कृतिक कोलाज के माध्यम से राजधानी की बहुरंगी पहचान सामने आई।
तेलंगाना की प्रस्तुति में लोकनृत्य, पारंपरिक वाद्य और रंगमंच का सुंदर समन्वय देखने को मिला। छत्तीसगढ़ ने सुआ, मदार और ददरिया जैसे लोकनृत्यों से सादगी और लोकजीवन की खुशबू बिखेरी। मध्यप्रदेश की लोककलाओं ने पारंपरिक नृत्य-गीतों से सांस्कृतिक गहराई को दर्शाया।


उड़ीसा की ओडिसी नृत्य प्रस्तुति ने शास्त्रीय कला की गरिमा और सौंदर्य को उजागर किया। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की प्रस्तुतियों में पहाड़ी लोकसंस्कृति, उत्सवधर्मिता और सामूहिक आनंद की झलक दिखी। उत्तरप्रदेश की प्रस्तुति में फागुन की होली का उल्लास छाया रहा, जहाँ होली गीतों ने पूरे पंडाल को रंगों से भर दिया। साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे की प्रस्तुति ने राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। अन्य राज्यों की सांस्कृतिक झलकियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।


कार्यक्रम के समापन पर गूंजे “भारत मां आजाद रहे, यही हमारा नारा है” जैसे नारों ने एकता, समरसता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।
लोकनृत्यों के पश्चात आयोजित एथनिक फैशन शो में विभिन्न राज्यों से आए रोवर-रेंजर्स ने अपने-अपने पारंपरिक परिधानों का आकर्षक रैंप वॉक के माध्यम से प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
समग्र रूप से यह जंबूरी सांस्कृतिक महाकुंभ बनकर उभरी, जहाँ हर प्रतिभागी और दर्शक ने भारत की विविधता में निहित एकता को करीब से महसूस किया।

Recent Posts