गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले में कई आपराधिक मामलों में आरोपी रहे पूर्व भाजपा नेता सूर्या हांसदा की पुलिस के साथ एक मुठभेड़ में मौत हो गई। यह मुठभेड़ जिले के बोआरीजोर थाना क्षेत्र के जिरली समारी पहाड़ी के पास हुई है। मुठभेड़ के बाद पहाड़ी के पास बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासन के जवान तैनात हैं। किसी को भी वहां जाने की इजाजत नहीं है। हालांकि पहाड़ी के पास भारी संख्या में भीड़ जुट गई है। गोड्डा के एसपी मुकेश कुमार ने सूर्या हांसदा की मौत की पुष्टि की है। शाम चार बजे पुलिस इस बारे में आधिकारिक तौर पर जानकारी देगी। सूर्या हांसदा ललमटिया थाना क्षेत्र के डकैता गांव के निवासी थे। उसकी गिनती इलाके में भाजपा के कद्दावर नेताओं में होती थी। वर्ष 2019 में उसने भाजपा के उम्मीदवार के तौर बोरियो विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। वर्ष 2024 में भाजपा ने उसे टिकट नहीं दिया था। इसके बाद उसने जेएलकेएम (झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा) के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा था। हालांकि वह चुनाव हार गए थे।
ब्यूरो रिपोर्ट





