
मुख्यमंत्री साय ने डौंडीलोहारा को दी 102 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

महतारी वंदन योजना की 31वीं किश्त के रूप में प्रदेश के 67.28 लाख हितग्राहियों के खातों में 631 करोड़ से अधिक राशि अंतरित
बालोद, 25 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने डौंडीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह में जिलेवासियों और महिलाओं को बड़ी विकास सौगातें दीं। उन्होंने 102 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया तथा प्रदेश के 67 लाख 28 हजार 918 हितग्राहियों के खातों में 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपए की महतारी वंदन योजना की 31वीं किश्त अंतरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। राज्य सरकार ने ढाई वर्ष के कार्यकाल में मोदी की गारंटी के तहत किए गए वायदों को पूरा करते हुए विकास को नई गति दी है।
डौंडीलोहारा को मिली कई बड़ी सौगातें
मुख्यमंत्री श्री साय ने नगर पंचायत डौंडीलोहारा में सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम निर्माण, खरखरा जलाशय में लिफ्ट इरिगेशन, पूरक नहर के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण, धनगांव जलाशय के शीर्ष कार्य वियर के साथ नहर रिमॉडलिंग लाइन निर्माण की घोषणा की।
इसके अलावा मस्जिद चौक से शास्त्री नगर मार्ग पर 5 करोड़ रुपए की लागत से पुलिया निर्माण तथा संबलपुर से भीमकन्हार-मुड़िया मार्ग के लिए 19 करोड़ रुपए की स्वीकृति की घोषणा की।
समारोह में 3.20 करोड़ रुपए की लागत से उमरादाह-निपानी 12 किलोमीटर मार्ग, 26 करोड़ रुपए के अर्जुंदा-ओडारसकरी मार्ग और 2.50 करोड़ रुपए के बालोद-पिकरीपार मार्ग सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया।
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही महतारी वंदन योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से महिलाओं को अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि ढाई वर्ष में योजना के हितग्राहियों के खातों में करीब 20 हजार करोड़ रुपए अंतरित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी योजना, ड्रोन दीदी और सुकन्या समृद्धि योजना सहित महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी।
हितग्राहियों से किया संवाद
मुख्यमंत्री श्री साय ने महतारी वंदन योजना से लाभान्वित जिले की पांच महिलाओं से संवाद कर योजना से उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली और उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सम्मान के साथ आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

कार्यक्रम में सांसद श्री भोजराज नाग, पूर्व सांसद सुश्री सरोज पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष श्री सौरभ लूनिया, जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगा राम चव्हाण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं नागरिक उपस्थित रहे।






