जोन स्पर्धा में दम दिखाएंगे धमतरी के 24 योग खिलाड़ी

धमतरी। जिले के तीन विकासखंडों के 49 खिलाड़ियों के बीच मंगलवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुजगहन में जिला स्तरीय शालेय योग स्पर्धा हुई। अलग-अलग योग विधाओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 24 खिलाड़ियों ने रायपुर जोन स्पर्धा के लिए जगह बनाई। चयन के बाद अब इन खिलाड़ियों की नजर जोन स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने पर है।प्रतियोगिता में धमतरी विकासखंड से 10, मगरलोड से नौ और कुरुद से 30 खिलाड़ी शामिल हुए। 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग में आयोजित स्पर्धा में खिलाड़ियों ने ट्रेडिशनल योगासन, आर्टिस्टिक सिंगल, आर्टिस्टिक पेयर और रिथमिक पेयर में प्रतिभा दिखाई। कठिन आसनों के साथ संतुलन, लय, एकाग्रता और शारीरिक नियंत्रण का प्रदर्शन चयन का प्रमुख आधार रहा।प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में आगे बढ़ने को लेकर उत्साह रहा। विभिन्न आयु वर्गों में प्रतिभागियों ने अपने नियमित अभ्यास का प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों के सामने योग कौशल प्रस्तुत किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी चरण के लिए चुना गया।रायपुर जोन स्तरीय शालेय योग स्पर्धा गरियाबंद में प्रस्तावित है। बालक वर्ग की स्पर्धा 24 अगस्त और बालिका वर्ग की स्पर्धा 25 अगस्त को होगी। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी इन दोनों स्पर्धाओं में धमतरी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।प्रतियोगिता की संयोजक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुजगहन की प्राचार्य मोनिका गोस्वामी और सह संयोजक व्यायाम शिक्षक राजकुमार सिन्हा रहे। इस अवसर पर योग शिक्षक राजकुमार साहू, उमराव साहू, वंदना तिग्गा, मुकेश सोनकर, गैंद लाल साहू, गीतेश सिंह, उत्तम साहू सहित खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Recent Posts