योग के मंच पर दिखा प्रतिभाओं का दमखम, चार विधाओं में हुआ मुकाबला पांचवीं जिला स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता में करीब 100 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा धमतरी। कठिन योगासनों में शरीर का संतुलन, लचीलापन और एकाग्रता साधते खिलाड़ियों का हुनर रविवार को शहर में देखने को मिला। जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में शासकीय मूकबधिर स्कूल, सिविल कोर्ट के पास पांचवीं जिला स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिलेभर से करीब 100 प्रतिभागियों ने विभिन्न आयु वर्गों में हिस्सा लेकर योग की उन्नत तकनीकों का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने कठिन आसनों को सहजता से पूरा कर अपनी प्रतिभा और अभ्यास का परिचय दिया। टीआई अवधराम साहू और पुलिस आरक्षक सुजय मंडल ने एडवांस योग फिटनेस का राज बताया। मंडल योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्यपाल से पुरस्कृत आरक्षक है।प्रतियोगिता का उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडेय ने किया। इस अवसर पर कुरुद थाना प्रभारी अवध राम साहू, रुद्री थाना प्रभारी सन्नी दुबे, अधिवक्ता गीतेश प्रजापति, प्रसिद्धि आयुर्वेद अस्पताल के डॉ. संदीप साहू, लक्ष्मण साहू पहलवान, भोजेंद्र साहू उमराव साहू, अनिल साहू,डोमन साहू सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी, योग शिक्षक और प्रतिभागी मौजूद रहे।एएसपी शैलेंद्र पांडेय ने कहा कि योग कभी साधना और दर्शन का माध्यम था। महर्षि पतंजलि ने योग दर्शन को सूत्रबद्ध करते हुए योग सूत्र की रचना की। उस समय योग का अर्थ आत्मा का परमात्मा से मिलन माना जाता था। भारत की वेदांत, मीमांसा, जैन, बौद्ध और संत परंपराओं में भी आत्मिक उन्नति और ईश्वर प्राप्ति को प्रमुख माना गया। समय के साथ योग का स्वरूप बदला और आज यह स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बन गया है।उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया को योग का महत्व समझाया है और आज भारत को विश्व में योग गुरु के रूप में पहचान मिली है। भागदौड़ भरी जिंदगी, तनाव और अनियमित दिनचर्या के कारण कम उम्र में ही लोग मधुमेह और रक्तचाप जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में शरीर और मन के लिए समय निकालना जरूरी है। योग व्यक्ति को सजग, स्वस्थ और खुश रहने की राह दिखाता है।चार विधाओं में हुई स्पर्धा आयोजन समिति के भोजेंद्र साहू एवं उमराव साहू ने बताया कि प्रतियोगिता में ट्रेडिशनल योगासन आर्टिस्टिक सिंगल आर्टिस्टिक पेयर और रिथमिक पेयर चार विधाओं में मुकाबले हुए। विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने योगासन की बारीकियों का प्रदर्शन किया। स्पर्धा का उद्देश्य स्थानीय योग प्रतिभाओं को मंच देने के साथ लोगों को नियमित योग के प्रति जागरूक करना रहा।चार विधाओं में चमकीं जिले की योग प्रतिभाएं ट्रेडिशनल योगासन स्पर्धा के सीनियर बी बालक वर्ग में सुजय मंडल प्रथम, शेख अलीमुद्दीन द्वितीय और ललित कुमार तृतीय रहे। सीनियर ए बालक वर्ग में धर्मेंद्र प्रथम रहे। सीनियर सी बालिका वर्ग में परविंदर कौर तथा सीनियर सी बालक वर्ग में कुरुद थाना प्रभारी अवध राम साहू ने पहला स्थान हासिल किया।आर्टिस्टिक सिंगल के 10-14 वर्ष बालक वर्ग में युग प्रथम, राहुल बोस द्वितीय और कृष्णचंद्र कुमार तृतीय रहे। 14-18 वर्ष बालक वर्ग में आयुष प्रथम, पुष्पेंद्र द्वितीय और याकूब पटेल तृतीय रहे। 18-28 वर्ष बालिका वर्ग में तनेश्वरी साहू प्रथम और याचना साहू द्वितीय रहीं।आर्टिस्टिक पेयर के 14-18 वर्ष बालक वर्ग में चिराग एवं नागेश्वर प्रथम तथा याकूब एवं आशानंद द्वितीय रहे। रिथमिक पेयर के 14-18 वर्ष बालक वर्ग में चिराग एवं नागेश्वर प्रथम रहे।आर्टिस्टिक सिंगल के 10-14 वर्ष बालक वर्ग में चैतन्य साहू प्रथम रहे। इसी आयु वर्ग के बालिका वर्ग में एश्वर्य प्रथम, साधना तारक द्वितीय तथा कनिष्का शर्मा एवं वैष्णवी तृतीय रहीं। 14-18 वर्ष बालिका वर्ग में लेखा रात्रे प्रथम, तनेश्वरी साहू द्वितीय और रोशनी तृतीय रहीं। मंच संचालन योग शिक्षक राजकुमार साहू ने किया। आभार प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय जज भोजेंद्र साहू ने किया।






