धमतरी/ विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में देश के विभाजन की पीड़ादायक स्मृतियों, विस्थापन और उस दौर में लोगों द्वारा झेली गई कठिनाइयों को दर्शाने वाली विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा द्वारा किया गया।इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें देश के इतिहास के उस दुखद दौर की याद दिलाता है, जब लाखों लोगों को अपने घर, परिवार और मातृभूमि से विस्थापित होकर कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। यह दिवस उन सभी पीड़ितों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने विभाजन की त्रासदी को झेला।प्रदर्शनी में विभाजन के दौरान घटित घटनाओं, विस्थापित परिवारों के संघर्ष, उनके पुनर्वास तथा देश के सामाजिक ताने-बाने पर पड़े प्रभाव को चित्रों एवं विभिन्न ऐतिहासिक तथ्यों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। महापौर ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को इतिहास की सच्चाई से परिचित कराने के साथ-साथ आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता, एकता और राष्ट्रीय एकजुटता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने कहा कि हमें इतिहास से सीख लेते हुए देश की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को निरंतर मजबूत करना चाहिए। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभाजन की त्रासदी में प्रभावित हुए लोगों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।






