“नाबालिग ने चुराए 5 लाख, मां ने रख ली रकम; पुलिस ने किया गिरफ्तार”

परिचित के घर से चोरी की रकम रखने वाली महिला गिरफ्तार, नाबालिग बेटे ने चुराए थे 5 लाख रुपये

बालोद:– थाना बालोद पुलिस ने परिचित के घर से चोरी की गई रकम अपने पास रखने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में विधि से संघर्षरत एक नाबालिग बालक ने घर से 5 लाख रुपये नकद चोरी कर अपनी मां को देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 6 पाण्डेपारा निवासी नितेश कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 नवंबर 2025 से 25 फरवरी 2026 के बीच उनकी मां मीना साहू के कमरे में रखी आलमारी से 5 लाख रुपये नकद चोरी हो गए थे। शिकायत पर थाना बालोद में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी की गई रकम में से 3.60 लाख रुपये उसने अपनी मां ममता साहू को दिए थे। बालक ने यह भी बताया कि उसकी मां ने रकम वापस करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में मुकर गई।
पुलिस ने ममता साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि बेटे द्वारा दिए गए 3.60 लाख रुपये उसने अपने पास रखे थे। पूछताछ में उसने बताया कि उक्त राशि घरेलू खर्च, बेटे की पार्टी तथा उसके जमानत संबंधी खर्चों में खर्च कर दी गई।
जांच में चोरी की रकम को बेईमानीपूर्वक अपने पास रखने के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने ममता साहू को गिरफ्तार कर 1 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, प्रधान आरक्षक योगेश सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक आशमा कुर्रे तथा आरक्षक जागृति ठाकुर, ममता ठाकुर, लक्ष्मी पटेल और पूर्णिमा ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही।

Recent Posts