धमतरी के हृदय स्थल सदर बाजार से निकली माँ की चुनरी यात्रा विधायक ओंकार साहू हुए शामिल

धमतरी। सर्व हिंदू समाज द्वारा आयोजित माँ की चुनरी यात्रा में धमतरी विधायक ओंकार साहू शामिल हुए। पुराने बस स्टैंड स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुई यह भव्य यात्रा शहर के हृदय स्थल सदर बाजार सहित शास्त्री चौक, गोल बाजार, मठ मंदिर और गणेश चौक से होते हुए माँ विंध्यवासिनी मंदिर पहुँची। विधायक श्री साहू ने माँ के चरणों में शीश नवाकर पूजा-अर्चना की तथा समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।श्रद्धा, भक्ति और आस्था से सराबोर इस चुनरी यात्रा में विभिन्न समाजों के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। यात्रा में माँ नवदुर्गा की सजीव झांकी, ईष्ट देवी-देवताओं की झांकियां, सामाजिक झांकियां, जसगीत मंडलियां, रामसत्ता और भजन-कीर्तन आकर्षण का केंद्र रहे। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए पंथी नृत्य राउत नाचा और सुआ नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन की भव्यता बढ़ाई। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी की चैतन्य झांकी और गायत्री शक्तिपीठ की टीम द्वारा भजन प्रस्तुति ने भी भक्तिमय वातावरण बनाया।चुनरी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने धमतरी की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत किया। धार्मिक जयकारों और माँ के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा।विधायकओंकार साहू ने माँ जगदंबा से प्रार्थना की कि सभी के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे तथा धमतरी सहित पूरा क्षेत्र निरंतर विकास और उन्नति के पथ पर आगे बढ़े। उन्होंने ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को आपसी सद्भाव सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का माध्यम बताया। मौके पर पूर्व विधायक लेखराम साहू जिला पंचायत सदस्य कविता योगेश बाबर सर्व समाज के जिला अध्यक्ष महेश रोहरा विजय गोलछा कोषाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी जिला महामंत्री आकाश गोलछा दीपक लखोटिया सर्व समाज सचिव अशोक पवार विक्रांत शर्मा शगुन पटेल दिलीप पटेल एल्डरमेन साथ में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे |

Recent Posts