
मोदी के नेतृत्व में समृद्ध और सशक्त भारत का निर्माण हो रहा : सांसद संतोष पाण्डेय

बालोद। राजनांदगांव के सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बालोद में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में कहा कि यह 12 वर्षों का कार्यकाल स्वर्णिम और ऐतिहासिक रहा है तथा इसी अवधि में विकसित भारत की मजबूत नींव रखी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी स्वयं को प्रधानमंत्री नहीं बल्कि प्रधान सेवक मानते हैं और “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ 140 करोड़ देशवासियों की सेवा कर रहे हैं।
सांसद श्री पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में नया, समृद्ध और सशक्त भारत निर्मित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में गरीब कल्याण, किसानों के उत्थान, महिलाओं के सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, आवास, स्वच्छता, रोजगार, आधारभूत संरचना और जनजातीय समाज के विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि, मुद्रा योजना और पीएम विश्वकर्मा योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के कल्याण के लिए 15 हजार करोड़ रुपए का बजट और “धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान” के लिए 79 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। वहीं पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को सीधे आर्थिक सहायता दी जा रही है तथा किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत सस्ता ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। महिलाओं के लिए लखपति दीदी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना तथा सुरक्षा बलों में महिला अधिकारियों की संख्या में वृद्धि जैसे कदम उठाए गए हैं। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है।
सांसद श्री पाण्डेय ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक की यात्रा निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रही है और “सशक्त, समृद्ध एवं सुरक्षित भारत” का संकल्प साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि विकास सरकार के लिए चौबीसों घंटे चलने वाला मिशन है और अब कार्यसंस्कृति बदल चुकी है, जहां शिलान्यास करने वाली सरकार ही उद्घाटन भी कर रही है।
उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश के विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव को भी नई ऊंचाइयां मिली हैं। राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ किया गया, इंडिया गेट पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित की गई, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर से जुड़े पांच स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया तथा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नए संसद भवन, सेंगोल की स्थापना, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक तथा अंडमान-निकोबार के द्वीपों के नामकरण जैसे निर्णय राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक बने हैं।
उन्होंने कहा कि जनता कर्फ्यू, हर घर तिरंगा, एक पेड़ मां के नाम, फिट इंडिया मूवमेंट और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों ने देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया है। वैक्सीन मैत्री, जी-20 की सफल अध्यक्षता, नए दूतावासों की स्थापना तथा विदेशी निवेश में वृद्धि से वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव प्राप्त कर चुके हैं और विश्व स्तर पर भी भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है।
छत्तीसगढ़ के विकास के लिए मोदी के संवेदनशील नेतृत्व का जताया आभार

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य में 18 लाख वंचित परिवारों को भी आवास देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है तथा लगभग 10.08 लाख आवास ढाई वर्षों में पूर्ण किए जा चुके हैं। किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में 50 हजार करोड़ रुपए से अधिक के रेलवे प्रोजेक्ट संचालित हैं तथा उड़ान योजना के माध्यम से हवाई सेवाओं का विस्तार भी किया गया है।
ग्राम पंचायत से संसद तक जीत का शतक बनाया : संतोष पाण्डेय
मीडिया संवाद में सांसद श्री पाण्डेय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक जीत का शतक बनाया है, जबकि कांग्रेस ने हार का शतक बनाया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 22 राज्यों में भाजपा अथवा एनडीए की सरकारें हैं। वन नेशन-वन टैक्स व्यवस्था लागू कर अर्थव्यवस्था को मजबूत किया गया है। भारतीय मुद्रा रुपये में अंतरराष्ट्रीय व्यापार का दायरा बढ़ा है तथा देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने में सफलता मिली है और आज विश्व के सभी प्रमुख देश भारत के साथ मजबूत संबंध स्थापित करना चाहते हैं।
इस अवसर पर लघु वनोपज संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, बिलासपुर संभाग प्रभारी अभिषेक शुक्ला, पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पवार, पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव, जिला कोषाध्यक्ष हरीश कटझरे, जिला मंत्री प्रेम साहू, जिला प्रवक्ता जितेंद्र साहू, जिला कार्यालय मंत्री विनोद जैन, जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया, डॉ. वीरेन्द्र साहू, मंडल एवं मोर्चा मीडिया से टिकेश्वर साहू, रामदेव रजक, श्रीमती छवि सार्वा, हरिसिंह मोर्य, सेवा दास मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।






