आमापारा वार्ड में नाली जाम, सड़क पर फैला गंदा पानी

स्वास्थ्य सभापति निलेश लुनिया ने लोगों से की जागरूकता की अपील धमतरी। नगर पालिका निगम के आमापारा वार्ड में पिछले दो दिनों से नाली जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बहने लगा था। इससे वार्डवासियों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर नाली की सफाई कर जाम की समस्या दूर की।नगर पालिका निगम के स्वास्थ्य सभापति निलेश लुनिया ने बताया कि नाली पूरी तरह कचरे से जाम हो चुकी थी। सफाई कार्य के दौरान नाली को तोड़कर उसमें जमा कचरा निकाला गया। इस दौरान बड़ी मात्रा में झिल्ली, डिस्पोजल सामग्री, प्लास्टिक की बाल्टियां और अन्य घरेलू कचरा मिला, जिसके कारण पानी की निकासी रुक गई थी और सड़क पर गंदा पानी फैलने लगा था। निलेश लुनिया ने कहा कि लोगों की लापरवाही और जागरूकता की कमी के कारण इस प्रकार की समस्या बार-बार सामने आती है। नालियों में प्लास्टिक और कचरा डालने से जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होती है, जिससे गंदगी फैलने के साथ बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता बनाए रखने में हर नागरिक की जिम्मेदारी है। नालियों में कचरा, प्लास्टिक, झिल्ली एवं डिस्पोजल सामग्री नहीं डालनी चाहिए। नागरिकों के सहयोग और जागरूकता से ही शहर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त बनाया जा सकता है।

Recent Posts