आवागमन में बाधा पहुंचाने वालों को लोक निर्माण विभाग की चेतावनी धमतरी:- शहर की सड़कों पर भवन निर्माण सामग्री रखकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम के लोक निर्माण विभाग के प्रभारी विजय मोटवानी ने कहा है कि सड़कें आम जनता के आवागमन के लिए हैं, इसलिए किसी भी व्यक्ति को सड़क पर गिट्टी, रेत, ईंट, मुरुम या अन्य निर्माण सामग्री रखने की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर भवन निर्माण के दौरान सड़क पर निर्माण सामग्री डाल दी जाती है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से संकरी सड़कों और व्यस्त मार्गों में इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।विजय मोटवानी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि भवन निर्माण कार्य के दौरान सामग्री को अपने निजी परिसर या निर्धारित स्थान पर ही रखें। यदि कोई व्यक्ति सड़क पर निर्माण सामग्री रखकर यातायात में बाधा उत्पन्न करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर सामग्री जब्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।उन्होंने बताया कि नगर निगम का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और आम लोगों को होने वाली असुविधा को दूर करना है। नागरिकों के सहयोग से ही शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा सकता है। लोक निर्माण विभाग ने लोगों से नियमों का पालन करने और सार्वजनिक सड़कों को अतिक्रमण एवं निर्माण सामग्री से मुक्त रखने की अपील की है, ताकि शहर में आवागमन सुगम बना रहे और दुर्घटनाओं की संभावनाओं को रोका जा सके।






