“शांति समिति बैठक संपन्न, 28 मई को मनेगी बकरीद”

शांति समिति की बैठक संपन्न, 28 मई को मनाया जाएगा ईद-उल-जुहा (बकरीद) का पर्व
आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द्र के साथ त्योहार मनाने की अपील


बालोद, :–बालोद जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण ढंग से गुरुवार 28 मई को ईद-उल-जुहा (बकरीद) के पर्व के आयोजन हेतु आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर  चंद्रकांत कौशिक, एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर तथा मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने जिलेवासियों से बालोद जिले की “सर्व धर्म समभाव” एवं सामाजिक सद्भावना की परंपरा को बनाए रखते हुए आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।


अपर कलेक्टर  चंद्रकांत कौशिक ने कहा कि बालोद जिले में सभी धर्मों के पर्व एवं उत्सव मिल-जुलकर मनाने की गौरवशाली परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि जिलेवासी आगामी 28 मई को भी इसी परंपरा को कायम रखते हुए ईद-उल-जुहा का पर्व सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाएंगे। उन्होंने प्रशासन की ओर से पर्व के सफल आयोजन हेतु हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर ने जिले के लोगों के सामाजिक सद्भाव एवं आपसी भाईचारे की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा भी पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।


बैठक में इन्तेजामिया कमेटी के सदर शाहीद खान ने जानकारी देते हुए बताया कि ईदुलअदहा का पर्व 28 मई को मनाया जाएगा तथा सुबह 8:30 बजे ईदगाह में ईद की नमाज अदा की जाएगी। उन्होंने कहा कि “हम गंगा-जमुना तहजीब के मानने वाले लोग हैं और हमेशा से आपसी सौहार्द्र एवं भाईचारे के साथ सभी त्योहार मनाते आ रहे हैं। बालोद की यही सामाजिक एकता इसकी सबसे बड़ी पहचान है।”
बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, उप पुलिस अधीक्षक बोनीफास एक्का, जनसंपर्क अधिकारी  चंद्रेश ठाकुर, तहसीलदार  आशुतोष शर्मा, मोहम्मद जुनैद कुरैशी,  रवि प्रकाश पाण्डेय सहित शांति समिति के सदस्य एवं सामाजिक प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

Recent Posts