
अधिवक्ता परिवार पर हमले के विरोध में वकीलों का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच व आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

बालोद :– जिला अधिवक्ता संघ बालोद के सदस्य अधिवक्ता संदीप कुमार सोनवानी, उनकी पत्नी नीतू सोनवानी तथा पुत्र-पुत्री के साथ कथित रूप से 10-12 लोगों द्वारा मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी एवं महिलाओं के साथ अश्लील हरकत किए जाने के मामले में जिला अधिवक्ता संघ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुनील सोनी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने उप पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि धमतरी से आए 10-12 व्यक्तियों द्वारा सार्वजनिक स्थल पर गंभीर हमला किया गया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज करते समय विवेचक कमला यादव द्वारा आधा-अधूरा मामला दर्ज कर आरोपियों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया।

अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि विवेचक द्वारा अधिवक्ताओं के साथ गलत व्यवहार भी किया गया तथा गंभीर धाराओं के बजाय छोटे अपराधों में मामला दर्ज किया गया, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पा रहा है।
संघ ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि विवेचक कमला यादव के विरुद्ध उचित कार्रवाई करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया जाए तथा 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
अधिवक्ता संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।






