विश्व रेडक्रॉस दिवस पर जिला चिकित्सालय धमतरी में विशाल रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन

महापौर रामू रोहरा मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल, मानव सेवा के संदेश के साथ नागरिकों से रक्तदान की अपील धमतरी/ विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर 8 मई 2026 को जिला चिकित्सालय धमतरी में विशाल रक्तदान शिविर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मानव सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने हेतु लोगों को प्रेरित करना रहा। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया तथा रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का कार्य करता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने एवं समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। महापौर रामू रोहरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि विश्व रेडक्रॉस दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। रेडक्रॉस संस्था वर्षों से जरूरतमंदों की सहायता, आपदा राहत एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। रक्तदान ऐसा पुण्य कार्य है, जिसमें दान करने वाले व्यक्ति का कुछ कम नहीं होता, लेकिन किसी जरूरतमंद को नया जीवन अवश्य मिल जाता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों एवं आपात परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है, ऐसे में समाज के प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।उन्होंने युवाओं की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि धमतरी के युवाओं में सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव लगातार बढ़ रहा है, जो समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है। महापौर ने कहा कि रक्तदान के संबंध में लोगों के मन में जो भ्रांतियां हैं, उन्हें दूर करने की आवश्यकता है। नियमित रक्तदान स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है और इससे समाज में मानवता एवं सहयोग की भावना मजबूत होती है।इस अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कैंसर जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया। शिविर में स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, ब्लड प्रेशर, शुगर एवं अन्य सामान्य बीमारियों की जांच कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।महापौर रामू रोहरा ने आगे कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार और समाज की मजबूती का आधार है। स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार एवं स्वस्थ समाज का निर्माण करती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराना चाहिए। ऐसे शिविरों के माध्यम से प्रारंभिक अवस्था में बीमारियों की पहचान कर समय पर उपचार संभव हो पाता है, जिससे गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी, स्वास्थ्य विभाग जिला चिकित्सालय प्रबंधन जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। शिविर में रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर आयोजित इस सेवा कार्य ने मानवता, सहयोग एवं जनसेवा का प्रेरणादायी संदेश दिया।

Recent Posts