
आईजी अभिषेक शांडिल्य का बालोद में प्रथम दौरा, गुरूर में नए SDOP कार्यालय का शुभारंभ

बालोद, 11 अप्रैल 2026। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज श्री अभिषेक शांडिल्य का बालोद जिले में प्रथम आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने गुरूर में नवीन एसडीओपी कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया तथा पुलिस कार्यालय बालोद में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल ने आईजी का स्वागत करते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध स्थिति, यातायात प्रबंधन एवं विभिन्न शाखाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। आईजी श्री शांडिल्य ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील, निष्पक्ष एवं प्रभावी पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए बेहतर समन्वय और कार्यकुशलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थाना स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई एवं संज्ञेय अपराधों में समय पर एफआईआर दर्ज करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

आईजी ने गंभीर अपराधों की विवेचना वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में कराने, खात्मा व खारिजी प्रकरणों को समय पर न्यायालय में प्रस्तुत करने तथा चौक-चौराहों पर नशे में हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
बीट प्रभारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर ग्रामीणों से समन्वय स्थापित करने, आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने एवं समय पर सूचना देने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधीनस्थ कर्मचारियों के मार्गदर्शन एवं समस्याओं के निराकरण के लिए नियमित सुपरविजन पर भी जोर दिया गया।
तकनीकी सुदृढ़ीकरण के तहत सीसीटीएनएस, ई-समंस पोर्टल, साइबर क्राइम पोर्टल (NCCRP), नेटग्रिड एवं अन्य पोर्टलों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। एमएलसी एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट को ऑनलाइन माध्यम से संबंधित अस्पतालों तक भेजने की प्रक्रिया को भी सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।
उन्होंने अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान एवं शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही समयबद्ध मामलों में 60 से 90 दिनों के भीतर चालान प्रस्तुत करने को कहा।
कम्यूनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने, आमजन से संवाद मजबूत करने, विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने तथा रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग, कॉम्बिंग ऑपरेशन और सरप्राइज चेकिंग के माध्यम से अपराधों पर नियंत्रण के निर्देश दिए गए। साथ ही साइबर अपराध एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, डीएसपी श्रीमती माया शर्मा, डीएसपी बोनिफास एक्का, डीएसपी राजेश बागड़े, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।






