निगम सभापति एवं पार्षद जनों ने किया भव्य स्वागत धमतरी/ देश में स्वच्छता के प्रति जनजागरण करने वाले, सामाजिक सद्भावना और एकता के प्रतीक महान समाज सुधारक संत गाडगे महाराज की जयंती के अवसर पर झिरिया धोबी समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और संत गाडगे महाराज के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जहां श्रद्धालुओं ने संत गाडगे महाराज के चित्र के साथ भजन-कीर्तन एवं नारों के माध्यम से स्वच्छता और सामाजिक एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।इस अवसर पर नगर निगम की सभापति कौशल्या देवांगन,एमआईसी सदस्य श्याम लाल नेताम,अखिलेश सोनकर,विभा चंद्राकर, पार्षदगण हेमंत बंजारे,ईश्वर सोनकर,चंद्रभागा साहू,संतोष कोमल सार्वा,कुलेश सोनी,संजय देवांगन सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया। जनप्रतिनिधियों ने संत गाडगे महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को समाज में अपनाने की अपील की। सभापति कौशल्या देवांगन ने कहा कि संत गाडगे महाराज ने स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक सुधार के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है और हम सभी को उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना चाहिए।






