“ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह, घड़ी चौक में ट्रैक्टर पलटा”

बालोद :—आज सुबह शहर के हृदय स्थल घड़ी चौक में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गन्ने से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में क्षमता से अधिक गन्ना लोड किया गया था, जिसके कारण संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।
गनीमत यह रही कि घटना सुबह के समय हुई, जब सड़क अपेक्षाकृत सुनसान थी। इस कारण कोई बड़ा या गंभीर हादसा नहीं हुआ और कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
कुछ घंटों की मशक्कत के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा किया गया तथा सड़क पर बिखरे गन्नों को दोबारा ट्रॉली में भरकर ट्रैक्टर को वहां से रवाना किया गया। इस दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

यह घटना एक बार फिर ओवरलोड वाहनों की समस्या को उजागर करती है। जिले में ऐसे कई वाहन लगातार सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जो निर्धारित क्षमता से अधिक माल लोड कर चलते हैं। इससे न केवल वाहन चालकों की जान जोखिम में रहती है, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और शहर की सड़कों पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित हो सके।






